कोरोना महामारी के चलते देश में लगे 21 दिनों के लॉकडाउन के आखिरी दिन आज प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने देश में लॉकडाउन को 3 मई तक आगे बढ़ाने की घोषणा की। यह लॉकडाउन का दूसरा चरण होगा।
पीएम ने कहा कि, 20 अप्रैल तक देश के हॉटस्पॉट इलाकों में सख्ती बढ़ाई जाएगी और देश के हर क्षेत्र का कोरोना के मामलों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।
20 अप्रैल से कुछ इलाकों में सशर्त अनुमति
मोदी ने कहा कि 20 अप्रैल तक लॉकडाउन का कितना पालन हो रहा है और हॉटस्पॉट इलाकों की संख्या को देखकर कुछ इलाकों में सशर्त छूट दी जाएगी।
नई गाइडलाइन बनाते समय रोज कमाने वाले मजदूरों और श्रमिकों का पूरा ध्यान रखा गया है।
वहीं पीएम ने अपने संबोधन में कोरोना की लड़ाई में देशवासियों के त्याग की सराहना करते हुए कहा कि “देश के लोगों ने इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया है, लोगों ने कष्ट सहकर भी देश को बचाया है। देश की खातिर देशवासियों ने एक अनुशासित सिपाही की तरह कर्तव्य निभाया है”।
बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मजयंती पर श्रृद्धांजलि
बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जन्मजयंती के अवसर पर हम “we the people” को साकार कर उन्हें सच्ची श्रृद्धांजलि दे सकते हैं। बाबा साहब का जीवन हमें निरंतर प्रेरणा देता रहता है।
इसके अलावा पीएम ने कहा कि, दुनिया के कई देशों की तुलना में आज भारत एक संभली हुई स्थिति में है, आज अन्य देशों में कोरोना के मामले 25 से 30 गुना बढ़ गए हैं, भारत ने समय रहते कोरोना पर लगाम के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।
सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन का लाभ देश को मिला है, देश ने एक बड़ी कीमत चुकाकर लॉकडाउन को लागू किया। सीमित संसाधनों के बीच भारत जिस मार्ग पर चला है आज उसकी चर्चा दुनियाभर में है। राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है।
गौरतलब है कि कोरोना के खिलाफ चल रही इस जंग में आज पीएम मोदी देश के सामने पांचवी बार देश को संबोधित किया।
आपको बता दें कि पीएम मोदी की घोषणा से पहले देश के 11 राज्य 30 अप्रैल तक लॉकडाउन की घोषणा कर चुके हैं। इन राज्यों में दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, अरूणाचल प्रदेश, मिजोरम और पुड्डुचेरी शामिल हैं।